रामनगरी अयोध्या में जल्द ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण तैयार होने जा रहा है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा रामायण वैक्स म्यूजियम अपनी भव्यता और अद्भुत कलाकारी के लिए चर्चा में है। इस म्यूजियम में न सिर्फ रामायण के 50 पात्रों की जीवंत प्रतिमाएं होंगी, बल्कि देश की महान हस्तियों – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की प्रतिमाएं भी लगाई जाएंगी।
अगले महीने होगा लोकार्पण
करीब 10 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में बन रहा यह म्यूजियम लगभग 80% तैयार हो चुका है। अगले महीने की 8 तारीख को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका लोकार्पण करेंगे।
क्या-क्या होगा खास
-
रामायण गैलरी: भूतल पर सबसे पहले प्रभु श्रीराम की आदमकद प्रतिमा स्थापित होगी। यहां रामलला के जन्म से लेकर रावण वध तक की पूरी रामकथा को मोम की प्रतिमाओं और मॉडलों के जरिए दिखाया जाएगा।
-
जीवंत प्रतिमाएं: राम, लक्ष्मण, सीता, भरत, शत्रुघ्न, दशरथ, हनुमान, जटायू, सुग्रीव, निषाद राज समेत 50 प्रमुख पात्रों की प्रतिमाएं दर्शकों को ऐसा अनुभव देंगी जैसे वे वास्तविक हों।
-
विशेष आकर्षण: बच्चों और पर्यटकों के लिए मिरर हाउस, हारर हाउस, गेम शो और 9D VR सिनेमा जैसी आधुनिक सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। 9D थिएटर में बारिश, बर्फ, तेज हवा और धुंध जैसे स्पेशल इफेक्ट्स का रोमांचक अनुभव मिलेगा।
पुणे का सुनील वैक्स म्यूजियम तैयार कर रहा प्रतिमाएं
इन प्रतिमाओं को बनाने की जिम्मेदारी पुणे के मशहूर कलाकार सुनील कुमार की टीम संभाल रही है। सुनील का कहना है कि रामलला की प्रतिमा इतनी जीवंत होगी कि दर्शक देखकर मंत्रमुग्ध रह जाएंगे। सभी स्टैच्यू को इंसानी त्वचा जैसी कलर टेक्निक से तैयार किया जा रहा है ताकि वे वास्तविक प्रतीत हों।
अयोध्या आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक इस अनोखे वैक्स म्यूजियम में एक ही छत के नीचे धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक अनुभव का आनंद ले सकेंगे।