पटना, 13 अगस्त 2025 — बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बीच उम्र और मतदाता सूची को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय सिन्हा ने अपनी मैट्रिक और उच्च शिक्षा की डिग्रियां दिखाकर दावा किया कि उनकी उम्र 58 साल है और यह उनके सर्टिफिकेट से साबित होता है। उन्होंने कहा कि उम्र दर्शाने में हुई त्रुटि को सुधारने के लिए वे पहले ही आवेदन दे चुके हैं।
तेजस्वी पर सीधा हमला
विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा,
"राजद के जंगलराज के युवराज अपनी डिग्री दिखाएं। 2015 में तेजस्वी 26 साल और तेजप्रताप 25 साल कैसे हो गए? यह भी देश देखे।"
डिप्टी सीएम ने तेजस्वी को चुनौती दी कि वे अपनी डिग्रियों में दर्ज उम्र सार्वजनिक करें। साथ ही आरोप लगाया कि तेजस्वी ने उनकी उम्र को लेकर गलत बयानबाजी की है, जिसके लिए वे उन्हें कानूनी नोटिस भेजेंगे।
मतदाता सूची विवाद
तेजस्वी यादव ने हाल ही में आरोप लगाया था कि विजय सिन्हा पटना के बांकीपुर और लखीसराय दोनों जगह वोटर हैं और दोनों स्थानों पर उनकी उम्र अलग-अलग दर्ज है। एक जगह उम्र 57 वर्ष और दूसरी जगह 60 वर्ष बताई गई है। इस पर विजय सिन्हा ने सफाई देते हुए कहा कि चुनाव आयोग त्रुटि सुधार के लिए एक महीने का समय लेता है और उन्होंने पटना की मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए आवेदन किया है।
“21वीं सदी का बिहार”
विजय सिन्हा ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि ये राजनीति को अपनी जागीरदारी समझते हैं। उन्होंने कहा,
"ये दुर्योधन के वंशजों को सबक सिखाने का समय है। 21वीं सदी का बिहार किसी की बपौती नहीं है।"