पटना, 17 सितंबर 2025 – बिहार पुलिस ने पाकिस्तान से हथियारों की आपूर्ति करने वाले गिरोह के सदस्य जसकरण प्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। जसकरण पाकिस्तान से पंजाब होते हुए हथियार की डिलिवरी करता था और लॉरेंस बिश्नोई एवं अमन साहू गिरोह को हथियार मुहैया कराता था।
रांची में अजरबैजान से प्रत्यर्पित मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा के खुलासे के बाद जसकरण का नाम सामने आया था। मयंक ने बताया कि पाकिस्तान से हथियार ड्रोन के जरिए पंजाब के अमृतसर, तरनतारण, फिरोजपुर और गुरुदासपुर में गिराए जाते थे। इसके बाद पंजाब के स्थानीय सप्लायर इन हथियारों को झारखंड समेत देश के विभिन्न गिरोहों तक पहुंचाते थे। जसकरण प्रीत सिंह अमन साहू गिरोह के लिए झारखंड में हथियार की डिलिवरी करता था और कई बार रांची समेत अन्य जगहों पर हथियार पहुंचा चुका है।
जांच में यह भी सामने आया कि हथियार की डिलिवरी के बाद पाकिस्तान में स्थित आर्म्स डीलरों तक भुगतान हवाला के जरिए किया जाता था। गिरोह के सदस्य यूरोपीय देशों में बैठे अन्य सदस्यों जैसे अनमोल विश्नोई और गोल्डी बरार तक पैसे भेजते थे। इसके बाद मलेशिया के क्वालालंपुर में पाकिस्तानी रेस्तरां संचालक “पाक पंजाब” के जरिए पैसा पाकिस्तान में हथियार डीलरों तक पहुंचाया जाता था।
पटना पुलिस ने जसकरण सिंह को फिलहाल जेल भेज दिया है। डीजीपी अनुराग गुप्ता के निर्देश पर एटीएस की टीम जसकरण से रिमांड पर पूछताछ करेगी। प्रारंभिक जांच में उम्मीद जताई जा रही है कि जसकरण से पूछताछ के दौरान भारत में आतंक और हथियार तस्करी के व्यापक नेटवर्क का और खुलासा होगा।