अयोध्या, उत्तर प्रदेश — प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या दिव्यता और भव्यता के नए आयाम छूने जा रही है। इस वर्ष का दीपोत्सव-2025 अब तक का सबसे विशाल आयोजन होगा, जिसमें 26 लाख से अधिक दीपों से सरयू घाट को आलोकित किया जाएगा। शनिवार को कार्यक्रम का सफल मॉक ड्रिल आयोजित किया गया, जिससे रविवार के मुख्य आयोजन की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
इस दीपोत्सव में 1100 ‘मेक इन इंडिया’ ड्रोन और 2100 वैदिक आचार्य केंद्र में रहेंगे। जहां ड्रोन आकाश में रामायण के प्रसंगों और राम मंदिर की आकृतियों को उकेरेंगे, वहीं घाट पर वैदिक आचार्य भव्य आरती के माध्यम से आस्था की गंगा प्रवाहित करेंगे।
कार्यक्रम की प्रमुख झलकियाँ
-
सुबह: श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित शोभायात्रा और झांकियाँ शहरभर में निकलेंगी।
-
दोपहर: प्रभु श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा, जो रामराज्य की झलक प्रस्तुत करेगा।
-
शाम: सरयू घाट पर 26,11,101 दीपों का एक साथ प्रज्जवलन किया जाएगा — जिससे नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनना तय है।
-
रात: 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर लाइट शो और एरियल ड्रोन डिस्प्ले के माध्यम से रामायण को आकाश में जीवंत किया जाएगा।
इसके बाद रामकथा पार्क में सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जिसमें भव्य रामलीला, भजन संध्या, और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान किया जाएगा।
आस्था और तकनीक का संगम
शनिवार को हुए पूर्वाभ्यास में ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र रहा। ड्रोन ने जब प्रभु श्रीराम के धनुषधारी रूप, रावण वध, भव्य राम मंदिर, और हनुमान जी की आकृतियाँ आकाश में प्रदर्शित कीं, तो अयोध्यावासी जयघोष से गूंज उठे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा,
“अयोध्या का दीपोत्सव केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भारत की सनातन आत्मा और संस्कृति का जीवंत प्रतिबिंब है। श्रद्धालुओं की प्रसन्नता ही हमारी प्राथमिकता है।”
भक्ति, परंपरा और आधुनिक तकनीक के इस अद्भुत संगम से अयोध्या एक बार फिर जगमगाने को तैयार है —
जय श्री राम! 🪔🚩