झारखंड के गोड्डा जिले में सोमवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी सूर्य नारायण हांसदा उर्फ सूर्या हांसदा मारा गया। हांसदा कई आपराधिक मामलों में वांछित था और अब तक चार बार झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ चुका था।
जानकारी के अनुसार, गोड्डा पुलिस ने रविवार को उसे देवघर से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने हथियारों और अपने साथियों के ठिकानों का खुलासा किया। पुलिस उसे बरामदगी के लिए लालमटिया वन क्षेत्र ले जा रही थी, तभी उसके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान हांसदा ने भी हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में हुई गोलीबारी में वह ढेर हो गया।
दुमका के जोनल आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि हांसदा गोड्डा और साहिबगंज जिलों में कई मामलों में वांछित था। वह 2024 में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के टिकट पर बोरियो विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन मात्र 2,937 वोट मिले। 2019 में भाजपा प्रत्याशी के रूप में इसी सीट से चुनाव लड़कर 59,441 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहा था। इससे पहले 2014 और 2009 में उसने झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों बार हार का सामना किया।
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और फरार अपराधियों की तलाश जारी है।