मुंबई | संवाददाता
मुंबई के राम मंदिर रेलवे स्टेशन पर बीती रात एक ऐसा वाकया हुआ जिसने इंसानियत और हिम्मत दोनों की मिसाल पेश की। यहां एक महिला यात्री को ट्रेन में अचानक लेबर पेन (प्रसव पीड़ा) शुरू हो गई। ट्रेन में मौजूद युवक विकास दिलीप बेद्रे ने वीडियो कॉल के जरिए अपनी महिला डॉक्टर दोस्त की मदद से स्टेशन पर ही महिला की डिलीवरी करा दी।
मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। इस पूरे घटनाक्रम को देखकर स्टेशन पर मौजूद लोग विकास की तारीफ करते नहीं थक रहे। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उसे ‘रियल लाइफ रैंचो’ कहा — आमिर खान के ‘3 इडियट्स’ फिल्म के किरदार की तरह, जिसने अपनी सूझबूझ से असंभव को संभव कर दिखाया था।
रात 12:40 बजे हुआ अनोखा प्रसव
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार देर रात करीब 12:40 बजे की है।
विकास दिलीप बेद्रे नामक युवक गोरेगांव से ट्रेन पकड़कर एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। उसी ट्रेन में एक गर्भवती महिला यात्री भी थी, जिसे अचानक लेबर पेन शुरू हो गया।
स्थिति गंभीर होने पर यात्रियों ने तुरंत चैन खींचकर ट्रेन को राम मंदिर रेलवे स्टेशन पर रोका। मगर वहां कोई डॉक्टर या एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
वीडियो कॉल पर डॉक्टर ने दी गाइडेंस
ऐसे में विकास ने अपनी डॉक्टर दोस्त देविका को फोन किया और स्थिति बताई।
डॉ. देविका ने वीडियो कॉल पर उसे स्टेप-बाय-स्टेप गाइड किया — कैसे महिला को पोजीशन में लाना है, सांस लेने में मदद करनी है और नवजात को संभालना है।
विकास ने डॉक्टर के बताए अनुसार शांत रहकर महिला की डिलीवरी कराई।
थोड़ी देर में नवजात रोने लगा — और वहां मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली।
लोगों ने की युवक की जमकर तारीफ
इस मानवीय घटना का वीडियो संगीतकार मंजीत ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया।
उन्होंने लिखा —
“जब महिला को दर्द शुरू हुआ, हमने ट्रेन की चैन खींची और मदद के लिए बहुत कोशिश की। लेकिन कोई सुविधा नहीं थी। बच्चा आधा बाहर और आधा अंदर था। उस पल में विकास की हिम्मत ने जान बचाई। ऐसा लगा जैसे भगवान ने उसे किसी खास मकसद से वहीं भेजा था।”
पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया।
लोगों ने कमेंट में लिखा —
“यह है असली हीरो, रियल लाइफ रैंचो!”
“विकास ने जो किया, वो इंसानियत की सबसे बड़ी मिसाल है।”
महिला और बच्चा दोनों स्वस्थ
घटना के बाद रेलवे पुलिस और स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंचे।
महिला और उसके नवजात को पास के कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।