समस्तीपुर/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी तापमान लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को आगामी चुनाव के लिए मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया, वहीं वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया। इस ऐलान के बाद केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने महागठबंधन पर जमकर हमला बोला।
गिरिराज सिंह ने कहा,
“महागठबंधन एक वोटकटवा और टिकट बेचवा पार्टियों का गिरोह है। मोदी जी के प्रचार अभियान के सामने सब हवा हो जाएंगे। समस्तीपुर और बेगूसराय में लाखों लोग मोदी जी को सुनने के लिए इकट्ठा होंगे। इन रैलियों में एनडीए की ऐतिहासिक जीत और महागठबंधन की करारी हार की नींव रखी जाएगी। इस बार एनडीए बहुमत के सारे रिकॉर्ड तोड़ेगा और विपक्षी टिक नहीं पाएंगे।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार में अपना प्रचार अभियान समस्तीपुर से शुरू करेंगे। गिरिराज सिंह के अनुसार, इन रैलियों में एनडीए की मजबूती और लोकप्रियता दिखेगी, जो महागठबंधन के लिए चुनौती साबित होगी।
महागठबंधन का सीएम चेहरा घोषित
गुरुवार को पटना में संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया। साथ ही मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया गया। एनडीए के नेताओं ने इसे “छोटी पार्टियों के आगे कांग्रेस का सरेंडर” बताया।
इससे पहले, महागठबंधन के कुछ नेताओं के बीच मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर विवाद भी चल रहा था। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने तेजस्वी को सीएम चेहरा माना, लेकिन इसके बाद प्रदेश नेतृत्व में बदलाव किया गया। नए प्रभारी अल्लावरू ने कभी भी तेजस्वी के सीएम फेस पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई थी। यही वजह है कि कांग्रेस ने राजस्थान के अशोक गहलोत को बिहार बुलाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस ऐलान को औपचारिक रूप दिया।