छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की वृद्धि का ऐलान किया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब कर्मचारियों को केंद्र सरकार के बराबर 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह घोषणा की और बताया कि इस फैसले से प्रदेश के सवा तीन लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
बता दें कि बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पहले ही 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने का ऐलान किया था, जिससे कर्मचारियों को 53 प्रतिशत डीए मिल रहा था। अब इसमें 2 प्रतिशत और इजाफा कर दिया गया है।
कर्मचारियों की क्रय शक्ति बढ़ेगी
वित्त विशेषज्ञों का मानना है कि महंगाई भत्ते में यह बढ़ोतरी न केवल कर्मचारियों की क्रय शक्ति को बढ़ाएगी, बल्कि प्रदेश की आर्थिकी पर भी सकारात्मक असर डालेगी। सरकार का यह कदम त्योहारों से पहले कर्मचारियों के लिए बड़ा तोहफा माना जा रहा है।
चुनावी वादा हुआ पूरा
गौरतलब है कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय कर्मचारियों ने डीए वृद्धि को लेकर लंबे समय तक हड़ताल की थी। वहीं, भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले कर्मचारियों को केंद्र के बराबर महंगाई भत्ता देने का वादा किया था। अब मुख्यमंत्री साय की सरकार ने यह वादा पूरा कर दिया है।
👉 अब छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को केंद्र सरकार के बराबर 55% महंगाई भत्ता मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।