नई दिल्ली। संसद भवन परिसर में शुक्रवार सुबह सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। तड़के करीब 5:50 बजे एक युवक रेल भवन की तरफ से दीवार फांदकर सीधे नए संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया। सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया।
अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए युवक की पहचान राम कुमार बिंद (19 वर्ष) निवासी भदोही (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह सूरत की एक फैक्ट्री में काम करता है और मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत होता है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
CISF ने बयान जारी कर कहा, “आज सुबह लगभग 5:50 बजे एक अज्ञात व्यक्ति संसद परिसर की दीवार फांदकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। CISF और दिल्ली पुलिस की सतर्कता से उसे तुरंत पकड़ लिया गया और आगे की जांच के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।”
यह घटना संसद के मानसून सत्र के एक दिन बाद हुई है। बता दें कि सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चला था, जिसमें 21 बैठकें आयोजित हुईं और 37 घंटे से अधिक का कामकाज हुआ।
यह पहली बार नहीं है जब संसद सुरक्षा में सेंध लगी हो।
-
अगस्त 2023 में भी 20 साल से कम उम्र का एक युवक दीवार फांदकर परिसर में घुस गया था।
-
दिसंबर 2023 में, 2001 के संसद हमले की बरसी पर, दो लोग लोकसभा की गैलरी से कूदकर पीली गैस छोड़ चुके हैं। उस वक्त चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
संसद परिसर में लगातार हो रही सुरक्षा चूक पर अब फिर सवाल उठ रहे हैं।