अहमदाबाद। एयर इंडिया के विमान हादसे में इंदौर की रहने वाली हरप्रीत कौर होरा (30) की भी दर्दनाक मौत हो गई। हरप्रीत अहमदाबाद में अपने मायके से लंदन जा रही थीं, जहां वह अपने पति रॉबी होरा के साथ उनके जन्मदिन पर मिलने वाली थीं। हादसे में उनका सीट नंबर 22E था।
हरप्रीत ने पहले 19 जून की फ्लाइट बुक कर रखी थी, लेकिन पति का जन्मदिन 16 जून को होने की वजह से उन्होंने आखिरी समय में टिकट बदल लिया और गुरुवार को ही लंदन रवाना होने का निर्णय लिया। इसी दौरान यह भयावह हादसा हो गया।
मेडिकल हॉस्टल पर गिरा था विमान, अब तक 265 शव बरामद
यह हादसा गुरुवार को दोपहर 1:38 बजे उस वक्त हुआ जब AI-171 फ्लाइट अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भर रही थी। टेकऑफ के ठीक दो मिनट बाद विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स हॉस्टल पर गिर गया और आग का भीषण गोला बन गया।
इस हादसे में अब तक 265 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 241 लोग फ्लाइट में सवार यात्री और क्रू मेंबर थे।
वहीं, 5 मौतें हॉस्टल में हुईं, जहां पर 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी की जान गई है।
फ्लाइट में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स सवार थे। इनमें से केवल एक ब्रिटिश नागरिक की जान बच पाई है।
बेंगलुरु में करती थीं नौकरी, मायके आकर लंदन जाने का लिया था रास्ता
हरप्रीत का मायका अहमदाबाद में ही है। वे लंदन रवाना होने से पहले अपने पिता से मिलने आई थीं। वह बेंगलुरु की एक आईटी कंपनी में कार्यरत थीं, जबकि उनके पति रॉबी लंदन की एक कंपनी में क्लाउड आर्किटेक्ट हैं। दोनों की शादी 2020 में हुई थी और कुछ समय तक हरप्रीत लंदन में रह चुकी थीं।
परिवार के मुताबिक, वह सवा साल पहले नौकरी के लिए भारत लौट आई थीं और इस बार लंदन में अपने पति का जन्मदिन मनाने जा रही थीं।
PM मोदी ने किया घटनास्थल का दौरा
हादसे के अगले ही दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले घटनास्थल का निरीक्षण किया और फिर सिविल अस्पताल जाकर घायलों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
सरकार और एयरलाइंस की ओर से मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक ब्लैक बॉक्स, फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर बरामद नहीं हुए हैं। इनके मिलने के बाद ही हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।