भोपाल में गणेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के करीब 4 हजार स्थानों पर प्रथम पूज्य श्री गणेश विराजेंगे, जिनमें से लगभग 250 भव्य झांकियां होंगी। घर-घर में भी गणपति स्थापना की जाएगी। बुधवार को भक्त ढोल-ढमाकों और शोभायात्राओं के साथ गणेशजी को घर ले जाएंगे।
सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम
बड़े पंडालों में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। वहीं, नगर निगम ने सभी झांकियों से प्रतिदिन निर्माल्य (पूजन सामग्री) इकट्ठा करने की व्यवस्था की है। इसके लिए विशेष वाहनों की तैनाती की गई है।
200 से ज्यादा जगहों पर सजे बाजार
मंगलवार को शहर के 200 से अधिक स्थानों पर बाजार सजे, जहां से श्रद्धालु मूर्तियां लेकर घर पहुंचे। बुधवार को भी बाजारों में भीड़ बनी रहेगी। मूर्तियों के साथ लड्डू, फल, हार-फूल और नारियल की बिक्री में भी तेजी आई है।
न्यू मार्केट, चौक, जुमेराती, करोंद, कोलार रोड, अटल पथ, रोशनपुरा, 10 नंबर मार्केट, नेहरू नगर और जवाहर चौक में भक्त बड़ी संख्या में मूर्तियां खरीदते दिखे।
विशेष आकर्षण: राम दरबार रूपी गणपति
इस बार बाजार में गणेशजी की मूर्तियां अयोध्या के श्रीराम प्रतिमा के आसन रूप में भी उपलब्ध हैं। राम दरबार के स्वरूप वाली गणपति मूर्तियां भी श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही हैं।
मोदक और लड्डुओं की धूम
गणेशोत्सव के साथ बाजार में मोदक की नई वैरायटी भी आई हैं। मिठाई कारोबारी संजीव अग्रवाल के अनुसार इस साल कोकोनट, चॉकलेट और केसर मोदक की मांग अधिक है। इनकी कीमत 550 से 800 रुपये किलो तक है।
पुराना शहर के पीपल चौक में इस बार झांकी पर 351 किलो लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। वहीं, अन्य बड़े पंडालों में रोजाना 10 किलो तक लड्डू चढ़ाए जाएंगे। अनुमान है कि केवल 1500 झांकियों में ही रोजाना औसतन दो क्विंटल से अधिक लड्डुओं का भोग लगेगा।