मोतिहारी (Bihar Election 2025): बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार अभियान में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनडीए के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। पूर्वी चंपारण जिले के पताही स्थित हाई स्कूल मैदान में आयोजित इस रैली में उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता एक बार फिर से दो-तिहाई बहुमत के साथ NDA सरकार बनाएगी।
रक्षा मंत्री ने इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा,
“आज के नेताओं को नीतीश कुमार से सीखना चाहिए। 20 साल मुख्यमंत्री रहने के बावजूद भी उन पर एक छोटा सा आरोप तक नहीं लगा। यह उनकी ईमानदारी और सादगी का प्रमाण है।”
राजनाथ सिंह ने RJD और विपक्षी दलों पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद की राजनीति हमेशा “कट्टा संस्कृति” पर आधारित रही है, और उनके चुनावी अभियानों में भी ऐसी मानसिकता देखने को मिल रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा —
“जंगलराज के समय लोग बिहार आने से डरते थे कि कहीं जान से न मार दिए जाएं, लेकिन आज NDA की सरकार में लोग गर्व से कहते हैं — ‘आईए, देखिए नया बिहार।’”
रक्षा मंत्री ने कहा कि NDA सरकार ने बिहार को जंगलराज से सुशासन के रास्ते पर लाने का काम किया है। विकास, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में लगातार प्रगति हुई है।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखें और बिहार के विकास को गति देने के लिए NDA को दोबारा पूर्ण बहुमत से सत्ता में लाएं।